फ़ॉलोअर

मीडिया विमर्श लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मीडिया विमर्श लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 17 दिसंबर 2015

शुभाशंसा : आशा मिश्र 'मुक्ता' की पुस्तक 'साहित्यिक पत्रकारिता'

साहित्यिक पत्रकारिता
आशा मिश्र 'मुक्ता'
2016
गीता प्रकाशन, हैदराबाद
मूल्य : 595/-
पृष्ठ : 176  

शुभाशंसा

हिंदी पत्रकारिता का चरित्र आरंभ से ही साहित्यिकता प्रधान रहा है. इसे यों भी कहा जा सकता है कि पत्रकारिता के उदय के साथ ही हिंदी साहित्य में यह विशिष्ट चारित्रिक परिवर्तन घटित हुआ कि उसने पत्रकारिता के सरोकारों को अपने सरोकार बना लिया. इस तरह साहित्य और पत्रकारिता ने एक दूसरे को व्यापक जन-गण-मन से जोड़ने में परस्पर सहयोग किया. इस सहयोग की चित्ताकर्षक परिणति है हिंदी की साहित्यिक पत्रकारिता. साहित्य और पत्रकारिता की इस जुगलबंदी का परिणाम यह हुआ कि साहित्य को व्यापक पाठक समुदाय मिला और पत्रकारिता बड़ी सीमा तक सौंदर्यबोध और लोकमंगल को भी सूचना और सनसनी को साथ साथ साधती रही. यह तो सर्वविदित है ही कि पत्रकारिता ने हिंदी साहित्य को कविता की प्रधानता से मुक्त करके गद्य की प्रधानता में दीक्षित किया जिसके फलस्वरूप पिछले डेढ़ सौ साल में अनेक नई गद्य विधाओं का प्रवर्तन हुआ. 

यह भी उल्लेखनीय है कि साहित्यिक पत्रकारिता के विकास में केवल हिंदी की मुख्य भूमि का ही योगदान नहीं रहा बल्कि गौण भूमि अर्थात हिंदीतर भाषी क्षेत्रों ने भी अपनी उर्वरता प्रमाणित की है. इस दृष्टि से बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात आदि ‘ख’-वर्ग ही नहीं दक्षिण भारत अर्थात ‘ग’-वर्ग की देन भी कम महत्वपूर्ण नहीं है. स्वातंत्र्योत्तर काल में हिंदी साहित्य की परिवर्तनशीलता की अगुवाई करने वाली पत्रिका ‘कल्पना’ को कौन नहीं जानता जो हैदराबाद से निकलती थी. दक्षिण भारत और उसमें भी विशेष रूप से हैदराबाद (या कहें कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना) की साहित्यिक पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन और हैदराबाद मुक्ति संघर्ष से लेकर तेलंगाना आंदोलन तक को एक सीमा तक बौद्धिक नेतृत्व प्रदान किया. 

श्रीमती आशा मिश्रा ‘मुक्ता’ ने साहित्यिक पत्रकारिता पर केंद्रित अपनी प्रस्तुत पुस्तक में दक्षिण भारत, उसमें भी विशेष रूप से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, की साहित्यिक पत्रकारिता का सुसंबद्ध और संगठित ब्यौरा और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया है. साथ ही हैदराबाद से प्रकाशित ‘पुष्पक’ का गहन अध्ययन और उसमें प्रकाशित सामग्री का विवेचन-विश्लेषण करके हिंदी जगत को साहित्यिक पत्रकारिता की देन पर प्रकाश डाला है. इसमें संदेह नहीं कि यह पुस्तक पत्रकारिता के जिज्ञासु पाठकों से लेकर विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अध्यापकों तक के लिए उपादेय सामग्री से परिपूर्ण है. 

इस प्रामाणिक और शोधपूर्ण सामग्री के प्रकाशन के अवसर पर लेखिका को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ. 

2 अक्टूबर, 2015 
 - ऋषभदेव शर्मा 

मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014

अद्यतन जनसंचार माध्यम : साहित्यिक तथा सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य






द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी : 18 तथा 19 अक्टूबर 2014 
श्री सिद्धरामेश्वर महाविद्यालय, कमलनगर, कर्नाटक 

बीज भाषण : डॉ. ऋषभदेव शर्मा 

अद्यतन जनसंचार माध्यम : साहित्यिक तथा सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य

1.

साहित्यिक-सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में अद्यतन जनसंचार माध्यमों के स्वरूप, कार्यप्रणाली और प्रभाव पर विचार करने से सबसे पहले यह स्पष्ट होता है कि मीडिया हमारी भाषा को प्रभावित कर रहा है. यह प्रभाव दो प्रकार का है – 

(i)
विभिन्न जनसंचार माध्यम नई भाषा गढ़ रहे हैं. 

इस भाषा का मुख्य लक्षण है – भाषा मिश्रण. 

इसमें अंग्रेजी का हस्तक्षेप सबसे ज्यादा है और लगातार बढ़ रहा है. 

रोमन लिपि में और नागरी लिपि में अंग्रेजी शब्द, वाक्यांश, वाक्य, उक्तियाँ मीडिया की भाषा के अनिवार्य अंग बन गए हैं. 

बहुत बार तो हिंदी को भी रोमन लिपि में लिखकर हम खुश हो लेते हैं कि हिंदी का प्रयोग बढ़ रहा है. 

(ii)
स्ट्रेटजी ऑफ लैंग्वेज शिफ्ट : प्रभु जोशी 

मीडिया पहले से चली आ रही हमारी भाषा परंपरा को विस्थापित करके इस गढ़ी गई भाषा को स्थापित करने की कोशिश करता दिखाई देता है = यूथ कल्चर की छलिया आनंद (मैनिपुलेटिड प्लेज़र) की भाषा 

इसमें संदेह नहीं कि भाषा का स्वभाव परिवर्तनशील होता है. परंतु इसके बावजूद उसकी एक सामाजिक-सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपरा होती है. यह परंपरा उन शब्दों, अभिव्यक्तियों और भाषिक व्यवहारों में निहित होती है जिन्हें कोई भाषा समाज सैकड़ों-हजारों वर्षों की यात्रा में विकसित, अर्जित और नई पीढ़ी को संक्रमित करता है. 

अतः जब हम कहते हैं कि कोई भाषा परंपरा विस्थापित की जा रही है तो इसका अर्थ होता है कि उस परंपरा में जुड़े ज्ञान को विस्थापित किया जा रहा है. 

सांस्कृतिक चेतना को विस्थापित किया जा रहा है. 

खतरा यह है कि परंपराहीन भाषा के तथाकथित बहुवचनीय रूप के स्थापित होने से विस्थापन से उत्पन्न सांस्कृतिक शून्य भरता दिखाई नहीं देता क्योंकि इस नई गढ़ी गई भाषा की अपनी कोई संस्कृति नहीं है. 

इसमें संदेह नहीं कि एक केंद्रापसारी और सार्वदेशिक जनभाषा होने के कारण हिंदी की प्रकृति विभिन्न भाषाओं के शब्दों को आत्मसात करने की रही है जो इसकी बहुत बड़ी ताकत है. लेकिन जनसंचार माध्यमों ने जिस प्रकार हिंदी भाषा के अंग्रेजीकरण की मुहिम चला रखी है उसमें तो हिंदी की प्रकृति ही गायब है. 

सवाल यह है कि यह कौन तय करेगा कि मिश्रण कितने प्रतिशत होना चाहिए. यह निर्धारण न सहज है न संभव. 

जनसंचार माध्यम इस कृत्रिम भाषा के प्रति अपने उपभोक्ता की रुचि पैदा कर रहे हैं और उस रुचि का भरण पोषण भी कर रहे हैं. अर्थात माँग और आपूर्ति दोनों पर इन्हीं का कब्जा है. 

यह भ्रम पैदा किया जा रहा है कि इस गढ़ी गई भाषा का प्रयोग न करने वाले लोग पिछड़े हुए हैं, उनका ज्ञान सीमित है. 

स्ट्रेटजी ऑफ लैंग्वेज शिफ्ट – क्रियोलीकरण की प्रक्रिया 

(1) स्मूथ डिस्लोकेशन ऑफ वोक्यूब्लरि (मूल भाषा के शब्दों का धीरे धीरे अंग्रेजी के शब्दों से विस्थापन) – Students, Parents, Teachers, Exams, Opportunity, Entrance, Sunday, India, Ordinary 

(2) Final assault on a Language (अंतिम हमला : लिपि बदलना) .


2.

 दूसरी बात बाजार और उसकी रीति-नीति के आक्रमण से जुड़ी है. 

जनमाध्यमों का व्यापक प्रचार-प्रसार ज्ञान, मनोरंजन और लोक शिक्षा में सहायक होना चाहिए था. लेकिन विज्ञापन और प्रतिष्ठानी प्रायोजन पर निर्भर होने के कारण मीडिया लगभग पूरी तरह से बाजार का उपकरण बन गया है. 

एफ एम रेडियो/ ज्ञान और परिष्कार का बड़ा साधन/ स्तरहीन फूहड़ कार्यक्रमों की बाढ़ 

सांस्कृतिक विकास के रास्ते में आने वाले प्रश्नों से बचना आज के चतुर चालाक मीडिया की पहचान बन गया है. 

आज सांस्कृतिक विकास की भी इनकी गढ़ी हुई परिभाषा प्रौद्योगिकी केंद्रित परिभाषा है. अर्थात उन्नत प्रौद्योगिकी माने उन्नत संस्कृति! संस्कृति में निहित उन्नत मनुष्यता को इस उन्नत प्रौद्योगिकी ने विस्थापित कर दिया. 

प्रौद्योगिकी केंद्रित और मीडिया द्वारा प्रायोजित सांस्कृतिक विकास की संकल्पना प्रतिक्षण परिवर्तन की संकल्पना है. उपयोग करो और फेंको. स्थायित्व के लिए कोई जगह नहीं. न व्यापार-व्यवसाय में, न राजनीति-कूटनीति में और न ही रिश्ते-नाते और प्रेम संबंधों में. 

तमाम राजनेता बड़ी बेशर्मी से रोज यह दोहराते हैं – राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता. सच तो यह है कि राजनीति में ही नहीं मीडिया और बाजार की संस्कृति में कुछ भी स्थायी नहीं होता. विवाह और तलाक भी नहीं. 

इसी सबको समाचारों, बहसों, विज्ञापनों, नाटकों, यथार्थ प्रदर्शनों (रियालिटी शो) और फिल्मों के माध्यम से पुनः पुनः प्रचारित-प्रसारित किया जाता है. परिणामस्वरूप हमारे जीवन में यथार्थ के स्थान पर आभासी यथार्थ पहले स्थान पर आ गया है. 

मीडिया के सहारे बाजार ने हमारे जीवन और चिंतन को आक्रांत कर लिया है. 

आज उत्पादन और उत्पाद महत्वपूर्ण नहीं है. सर्विस महत्वपूर्ण है. आज का उपभोक्ता वस्तुओं को आफ्टर सेल सर्विस की सुविधा के आकर्षक विज्ञापन के आधार पर खरीदता है. अर्थात सर्विस सेक्टर हावी हो गया है. 

धमकी भरा आशावाद : सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी ! : बाजार में आगे!

सेवा प्रदाता आपके घर के दरवाजे पर डिलीवरी से लेकर सर्विस तक के लिए प्रस्तुत है. यानी एक नई तरह का बाजार अब हर घर के भीतर कई कई मोबाइल सेटों, टीवी चैनलों और इंटरनेट नमक नए जनसंचार माध्यम के रूप में 24 घंटे यही आवाज लगाता रहता है – बेचो, बेचो, बेचो ....... खरीदो, खरीदो, खरीदो... ऐसा नहीं लगता कि हम घर में रहते हैं और कभी कभी बाजार जाते हैं. अब तो हम बाजार में रहते हैं और घर कब पहुँचेंगे पता नहीं. 

मेले में भटके होते तो कोई घर पहुंचा देता;
हम घर में भटके हैं कैसे ठौर-ठिकाने आएँगे. (दुष्यंत कुमार) 

3.

सांस्कृतिक संकट : 

संस्कृति का काम है विकास को स्थायित्व प्रदान करना और उसे अपनी परंपरा से जोड़ना. 

बाजार आश्रित मीडिया जिस विकास को प्रचारित करता है उसमें इन दोनों चीजों (स्थायित्व और परंपरा) के लिए कोई जगह नहीं है. वह ‘पॉपुलर कल्चर’ के नाम पर एक ऐसी संस्कृति गढ़ रहा है जिसमें स्मृति के लिए भी कोई स्थान नहीं है. यही करण है कि 21वीं शताब्दी की तमाम नई फिल्में बिजनेस तो करोड़ों का करती हैं लेकिन अगली फिल्म के आते ही पुरानी और कालातीत हो जाती हैं. जिस तरह एक बार पढ़े जाने के बाद अखबार और उसकी ख़बरें बासी हो जाती हैं. विचार नहीं; वाचालता.

ब्राडकास्टिंग इन थर्ड वर्ल्ड (ई-काट्ज और जी. बेबल) : 

जनसंचार में घुसकर सूचना साम्राज्यवादियों ने अपनी धूर्त सांस्कृतिक राजनीति की कुटिलता द्वारा तीसरी दुनिया की ‘भाषा’ और ‘संस्कृति’ को तहस-नहस कर दिया है. 

वाचाल : डी जे/ आरजे/ एंकर : हर चीज को मस्ती, मजा, Fun बना दें, कामुकता से जोड़ दें. 

मीडिया सनसनी और उत्तेजना की क्षणजीवी संस्कृति की रचना करता है. जबकि साहित्य का लक्ष्य कालजयी संस्कृति को रचना होता है. आज खतरा यह पैदा हो गया है कि साहित्य और संस्कृति का स्थान मीडिया के उत्पाद लेते जा रहे हैं. 

प्रभु जोशी : गालियों की नई पैकेजिंग – इडियट, बास्टर्ड, मदर .... फकर (YUPIES की भाषा) + तमीजदार हिंदी बोलने वाला = मसखरी + अभद्र व लंपट भाषा = युवा अभिव्यक्ति का आदर्श 

मीडिया द्वारा खड़े किए गए इस विभ्रम (इल्यूशन) को पहचानकर सत्वोद्रेक पर आधारित साहित्य तथा मनुष्य की चेतना को औदात्य प्रदान करने वाली संस्कृति का पोषण आज की जरूरत है. 



4.

आभासी दुनिया और कॉर्पोरेट सेक्टर : 

मीडिया चमक-दमक से भरी जिस तरह आभासी दुनिया की रचना कर रहा है वह वास्तव में कॉर्पोरेट जगत के हथियार के रूप में काम कर रहा है. कॉर्पोरेट कल्चर में संयम, सब्र, संतोष जैसी प्रवृत्तियों को पिछड़ापन माना जाता है. इसका बीज शब्द इच्छा, डिज़ायर या विल है. 

कॉर्पोरेट संस्कृति तृष्णाओं को बढ़ाने में विश्वास रखती है. भूख को बढ़ाने में विश्वास रखती है. (प्यास बढ़ाओ – Limca - करीना कपूर का विज्ञापन – Limca) 

यहाँ सब कुछ तड़क-भड़क से भरा हुआ, महँगा और ललचाने वाला है. कॉर्पोरेट जीवनशैली फिल्मों की तरह जीने में यकीन रखती है. विज्ञापन के बल पर तमाम खर्चीली चीजों का अंबार लगा लेना, किसी वस्तु के नए संस्करण के आते ही पुराने को फेंक देना, मोबाइल-टीवी-कार तक तो ठीक है पर यदि यही मानसिकता मित्रता, प्रेम, रिश्ते-नातों और परिवार के सदस्यों पर भी लागू की जाने लगे तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है इसकी सहज ही कल्पना की जा सकती है. 

नृत्य : रतिक्रिया के पेल्विक जेस्चर्स : फूहड़ भौतिकता : डांस इंडिया डांस/ कॉमेडी नइट्स विद कपिल. घूंसे और बल्ले के प्रहार के साथ ‘देश बदल रहा है, वेश कब बदलोगो 

क्षणिक रोमांच या सनसनी में विश्वास करने वाले, इंटरनेट के प्रयोक्ता को व्यापक सामाजिक संबद्धता के यथार्थ से काटकर मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन पर सिमटी हुई (मुठ्ठी में आई हुई). आभासी दुनिया के विभ्रम में फंसाने वाले इस अद्यतन जनसंचार माध्यम को जाने किसने ‘सोशल मीडिया’ नाम दे दिया? यह ‘सोशल’ शब्द का भ्रामक प्रयोग है. 

आधुनिकता के दौर में धर्म और संस्कृति को रिलीजन और कल्चर जैसे गलत पर्याय दिए गए. उत्तरआधुनिक दौर में न्यू मीडिया को ‘सोशल’ जैसा गलत विशेषण दिया जा रहा है. जबकि इसका चरित्र ही ‘एंटी सोशल’ है. व्यापक समाज से काटकर जो हमें माध्यम की हदों में बाँध दे वह सोशल कैसे हो सकता है? 

इसका समाजीकरण पाखंड भर है. मोबाइल और इंटरनेट के जरिए जंतरमंतर पर बाबा रामदेव या अन्ना हजारे भीड़ तो इकट्ठी कर सकते हैं लेकिन महात्मा गांधी जैसे जान पर खेल जाने वाले स्वयंसेवक तैयार नहीं कर सकते. 

दुकानदार तो मेले में लुट गए यारो
तमाशबीन दुकानें लगा के बैठ गए
लहू लुहान नज़ारोँ का ज़िक्र आया तो
शरीफ़ लोग उठे दूर जाके बैठ गए (दुष्यंत) 

5.

अंत में 

मैं तीन बातें अत्यंत संक्षेप में कहना चाहूँगा - 

(i)
बाजार और कॉर्पोरेट के हाथ में खेलता हुआ मीडिया हमारी सामाजिक सांस्कृतिक विरासत को छिन्न-भिन्न करने पर आमादा है. अभद्र और अश्लील के प्रति समाज आश्चर्यजनक रूप से सहिष्णु होता जा रहा है जो बेहद खतरनाक संकेत है. 

(ii)
मीडिया की तात्कालिकता ने मनुष्य की संवेदनाओं को भी क्षणिक बना दिया है. हिंसा, क्रोध, घृणा, आक्रामकता और नग्नता के पल पल परिवर्तित रूपों ने एक खास तरह की पारस्परिक असहिष्णुता पैदा की है. लोकतंत्र के नारे तो हम लगाते हैं लेकिन प्रतिपक्ष की किसी भी आवाज का गला घोंटने के लिए हम किसी भी हद तक जा सकते हैं. यह असहिष्णुता बाजार संस्कृति की देन है. और इसकी परिणति तानाशाही और आतंकवादी प्रवृत्तियों में दिखाई दे रही है. सब व्यवस्थाएँ आज ऊपर ऊपर से लोकतांत्रिक लगती हैं लेकिन भीतर से सबका चरित्र अधिनायकवादी है. 

(iii)
संस्कृति का हाशियाकरण. 

सोमवार, 13 अक्टूबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 9 : जनसंचार माध्यम : बदलता परिदृश्य

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज नवीं किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन - 9


दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 8 : नाटक का रूपांतरण

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज आठवीं किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -8

बुधवार, 1 अक्टूबर 2014

स्त्री बहनापे की ‘एक नई पहचान’

मीडिया और स्त्री का संबंध बहुरूपी है. मीडिया ने स्त्री को भरपूर जगह दी है. वहाँ स्त्री एक सजग संप्रेषणकर्मी के रूप में उपस्थित है. सूचनाओं के कवरेज से लेकर विवेचन-विश्लेषण तक – पूरी बौद्धिकता के साथ अपनी पहचान को रेखांकित करती हुई. वहाँ स्त्री हर तरह की मनोरंजन सामग्री के रूप में मौजूद है और उपभोक्ता वस्तुओं को बेचने से लेकर भावभंगिमा और सौदर्य तक का बाजार लगाए हुए है. वहाँ स्त्री खास तरह के पारिवारिक मेलोड्रामा में बेहद लाउड ढंग से मानो अग्रप्रस्तुत है – कभी रोती-चिल्लाती हुई, कभी गाली से लेकर भाषण तक देती हुई, कभी अविश्वसनीय ढंग से दबी कुचली तो कभी अविश्वसनीय ढंग से आकाश में उड़ती. किस्साकोताह यह कि मीडिया पर आगे-पीछे-दाएँ-बाएँ-ऊपर-नीचे-भीतर-बाहर सर्वत्र स्त्री स्त्री स्त्री है – स्त्री न हुई वैदिक ऋषि की गाय हो गई ! बेशक, ये स्त्रियाँ वैदिक ऋषियों की गायें ही हैं जो उपभोक्तावादी संचार क्रांति के नाम पर दशों दिशाओं में हाँक दी गई हैं. इससे यह तो पता चलता है कि मीडिया ने स्त्री की नई छवि बनाई है. वह स्त्री के प्रति संवेदनशील हुआ है. वहाँ स्त्री का वर्चस्व बढ़ रहा है. पर इसमें भी दो राय नहीं कि मीडिया की स्त्री ‘भारत की स्त्री’ नहीं है. 

ऐसे में जब कोई टीवी सीरियल भारतीय स्त्री की किसी निजी समस्या को लेकर सामने आता है तो पिछले कई दशकों में बनाई (या बिगाड़ी गई) भारतीय स्त्री की यह टीवी छवि टूटती है कि स्त्रियाँ स्वभावतः शंकालु और षड्यंत्री होती हैं. भारतीय सोप शृंखलाओं ने पिछले दशकों में व्यापक मध्यवर्गीय स्त्री दर्शकों को बाँधे रखने के लिए एक कथारूढ़ि के रूप में यह मिथ विकसित किया है कि पुरुष स्वभावतः मूर्ख और स्त्रियाँ स्वभावतः षड्यंत्रकारी होती हैं. सोनी टीवी पर 23 दिसंबर 2013 से दिखाया जा रहा धारावाहिक ‘एक नई पहचान’ भारतीय स्त्री की ‘पहचान’ की समस्या को तो रेखांकित करता ही है, इस मिथ को भी तोड़ता है. 

‘एक नई पहचान’ देखते समय तेलुगु की प्रसिद्ध कहानी ‘ईगा’ याद हो आई जिसमें घर लीपते-लीपते अपना नाम भूल जाने वाली मक्खी की लोक कथा की तरह घर परिवार को सँवारते-सँवारते अपना नाम खो देने वाली एक स्त्री की बेचैनी और नाम याद आने पर मिलने वाली खुशी का मार्मिक चित्रण किया गया है. घर-गृहस्थी में अपने अस्तित्व को पत्नी और माँ के गरिमामय संबोधनों के सहारे लगभग मिटा देने वाली आम भारतीय गृहिणी को मिलता क्या है? उसके त्याग और समर्पण का मूल्य परिवार किस तरह चुकाता है? उसकी पहचान मिटाकर ! उसे उपदेश देकर ! दुत्कार कर ! बात-बात पर ताने देकर – तुम्हें आता क्या है? तुम जानती क्या हो? तुम्हें क्या पता पैसा कैसे कमाया जाता है? एक काम भी कभी ढंग से किया है तुमने? क्या करती रहती हो चौबीसों घंटे? अर्थात न उसके श्रम का कोई मूल्यांकन है न प्रेम का. न उसके उत्पादन का कोई महत्व है न आत्मदान का. लेकिन जिम्मेदारी हर चीज की उसी पर. सास-ससुर की, पति परमेश्वर की, बेटे-बेटी की, रिश्ते-नातों की – सबकी देखभाल उसी को करनी है पर श्रेय उसे किसी का नहीं मिलता. कर्तव्यकर्म है सब – करती रहो सिर झुकाए. इस पुरुषवादी दृष्टिकोण को इस सीरियल में सुरेश मोदी नामक उद्योगपति के आचरण द्वारा दर्शाया गया है तो गाय स्वरूपा भारतीय अबला की छवि उसकी पत्नी शारदा के व्यक्तित्व में रूपायित की गई. शारदा को न अपने व्यक्तित्व का पता है न व्यक्तिगत गुणों का. जबकि सुरेश के परिवार ही नहीं व्यापार की भी धुरी वही है. वह पटोला साड़ियों पर अनुपम कारीगरी की माहिर है – इसीलिए तो सुरेश की मिल का नाम ‘शारदा टेक्सटाइल्स’ है. पुरुष का यह स्त्रीपूजक मुखौटा तब बड़ा नकली लगता है जब घर में वह इसी परम पूज्य स्त्री को प्रतिक्षण मानसिक प्रताड़ना देता है. 

शारदा के प्रति सुरेश का व्यवहार घरेलू हिंसा के उस रूप को भली प्रकार उभारता है जो स्त्री को आत्महीनता, आत्मदया और अपराधबोध से भरकर उसके व्यक्तित्व को कुचल देता है. लेकिन स्थिति का व्यंग्य यह है कि सुरेश स्त्री शिक्षा के लिए भी काम करता है. इसके लिए उसे सम्मानित भी किया जाता है. अर्थात दोहरा आचरण. लेकिन एक समय वह भी आता है जब सुरेश को स्त्री शिक्षा प्रोत्साहन हेतु स्वयं शारदा के हाथों पुरस्कृत किया जाता है. सुरेश इस अवसर पर मुक्त कंठ से शारदा की प्रशंसा करता है तो स्वाभाविक है कि वह कृतज्ञता भाव से भर उठती है. पर इस सच्चाई का क्या करें कि घर की सारी व्यवस्था शारदा के पढ़ने जाने की शुरूआत करते ही बिगड़ जाती है – इसीलिए तो सुरेश पकी उम्र में शारदा के पढ़ने का विरोधी है. इस द्वंद्व के द्वारा धारावाहिक यह उभारता है कि पत्नी के व्यक्तित्व के क्षरण और निर्माण दोनों में पति की बड़ी भूमिका होती है. बहू साक्षी इस बात को समझती है और समय समय पर सुरेश की सदाशयता को जगाने का गाहेबगाहे प्रयास करती रहती है. साक्षी के माध्यम से इस धारावाहिक ने स्त्री बहनापे का तो प्रखर रूप उभारा ही है, टीवी धारावाहिकों के इस मिथ को भी तोड़ा है कि स्त्री सदा ही स्त्री की शत्रु होती है. यही कारण है कि यह सीरियल गृहिणियों को ही नहीं नई रोशनी की लड़कियों को भी पसंद आ रहा है. 

स्मरणीय है कि जय मेहता प्रोडक्शन्स द्वारा निर्मित ‘एक नई पहचान’ वस्तुतः प्रसिद्ध लेखिका वर्षा अदाल्जा द्वारा लिखित गुजराती नाटक ‘शारदा’ का आधिकारिक रूपांतर है. शारदा और साक्षी सास-बहू हैं लेकिन उनका संबंध अंतरंग सखियों जैसा है जो वस्तुतः सामाजिक परिवर्तन की वांछित दिशा का द्योतक है. स्त्री सशक्तीकरण और स्त्री शिक्षा द्वारा घरेलू स्त्री की एक नई पहचान निर्मित करने वाली इस गाथा में साक्षी प्रगतिशील नई स्त्री है और शारदा पारंपरिक स्त्री. शारदा जाने कितनी कलाओं में प्रवीण है लेकिन सुशिक्षित अथवा भली  प्रकार साक्षर नहीं है. नामकरण की विडंबना देखिए कि सरस्वती का नाम वहन करने वाली शारदा कंपनी के कागजों पर हस्ताक्षर नहीं कर सकती, अंगूठा लगाती है. धोखा खा जाती है. करोड़ों का नुकसान. परिणाम पुनः पुनः तिरस्कार. साक्षी भी लेकिन केवल तटस्थ भाव की ‘साक्षी’ नहीं है. उसे मालूम है – नहीं पाप का भागी केवल व्याध/ जो तटस्थ हैं समय लिखेगा उनका भी अपराध (दिनकर). उसका पात्र रचते हुए यह ध्यान में रखा गया है कि जो स्त्रियाँ साक्षर हैं, सुशिक्षित हैं, मुक्त हैं, स्वावलंबी हैं उनका कर्तव्य है कि वे अशिक्षा, निरक्षरता, परनिर्भरता और गुलामी के पर्दों में कैद अपनी अन्य बहनों को शृंखला की इन परंपरागत कड़ियों से मुक्त करने का प्रयास करें. (द्रष्टव्य : शृंखला की कड़ियाँ : महादेवी वर्मा). और साक्षी इसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है. कहना न होगा कि वह टीवी की दुनिया का एक नया क्रांतिकारी स्त्री चरित्र है जो किसी रजनी, तुलसी और पार्वती की तरह लाउड हुए बिना बड़ी सहजता परंतु दृढ़ता से स्त्री की अस्मिता के लिए आग्रहपूर्वक सामने आती है और शारदा के रूप में मानो कि स्त्री बहनापे की नई इमेज खड़ी करती है. 

दैनिक धारावहिक है तो रोज नई नई चीजें उभरकर सामने आती हैं लेकिन अच्छा यह है कि सारी कड़ियाँ इस एक अंतःसूत्र में पिरोई हुई हैं कि यदि स्त्री के साथ स्त्री खड़ी हो जाए – एकजुट होकर, तो स्त्री जाति को एक नई परिभाषा मिल सकती है. बेशक इस धारावाहिक में घरेलू तानों-उलाहनों से छिदी हुई स्त्री अस्मिता का शिक्षा के सहारे कायाकल्प करने की जिद पिछले दिनों आई फिल्म ‘इंग्लिश-विंगलिश’ की याद दिलाती है लेकिन इस धारावाहिक की स्थितियाँ उससे भिन्न है, और उपचार भी. आगे आगे देखिए होता है क्या ! 

[उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, मद्रास की अर्द्धवार्षिक पत्रिका 'बहुब्रीहि' के दूसरे अंक  - जनवरी जून 2014 - में प्रकाशित यह मीडिया-समीक्षा 14 अप्रैल 2014 को  लिखी गई थी इसलिए इसमें उस समय तक की ही कड़ियों का ज़िक्र है.तब से अब तक 'एक नई पहचान' में अनेक नए मोड आ चुके हैं..... उनकी चर्चा कभी फिर.... यदि अवसर मिला तो.]

सोमवार, 29 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 7: साहित्यिक विधाओं का दृश्य-श्रव्य रूपांतरण

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज सातवीं किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -7


शनिवार, 27 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 6 : नाट्य रूपांतर

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज छठी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -6


दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 5 : टेलीविजन नाट्य लेखन

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज पाँचवी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -5.


बुधवार, 24 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 4 : रेडियो नाट्य लेखन

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज चौथी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -4.


सोमवार, 22 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 3 : इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हेतु समाचार

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज तीसरी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -3.


गुरुवार, 18 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन - 2. : रूप/ प्रकार

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए यह सामग्री तैयार करनी शुरू की है.

आज दूसरी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -2.

बुधवार, 17 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन - 1.

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए यह सामग्री तैयार करनी शुरू की है.

आज पहली किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -1.

बुधवार, 15 जनवरी 2014

भारतीय टेलीविजन पर नया प्रयोग – ‘24’




मीडिया विमर्श 
भारतीय टेलीविजन पर नया प्रयोग – ‘24’
                                                   - ऋषभ देव शर्मा 


भारतीय टेलीविजन के लिए रहस्य, रोमांच और जासूसी धारवाहिक कोई नई चीज नहीं है. सच तो यह है कि नब्बे प्रतिशत धारावहिक किसी न किसी प्रकार इसी श्रेणी में आते हैं. 15 बरस से अधिक समय से ‘सी आई डी’ तो पूरे परिदृश्य पर छाया हुआ है ही, उसके पहले भी बासु चटर्जी और रजत कपूर का ‘ब्योमकेश बख्शी’ तथा शेखर कपूर और विजय आनंद का ‘तहकीकात’ भारतीय टेलीविजन के श्रेष्ठ धारावहिकों में जगह बना चुके हैं. लेकिन ये सभी रोमांचकारी और जासूसी (थ्रिलर) धारावाहिक एक या उससे कुछ अधिक कड़ियों में समाप्त हो जाने वाली कथाओं के समुच्चय रहे हैं. इसके विपरीत ‘24’ के रूप में भारतीय भाषाओं के दर्शक को एक ऐसा थ्रिलर देखने को मिला जो निरंतर 24 कड़ियों तक एक ही कथा को रूपायित करता है. यही कारण है कि इसे भारतीय टेलीविजन पर एक अभिनव प्रयोग के रूप में देखा गया. पारिवारिक–ऐतिहासिक-पौराणिक धारावाहिकों की निरंतरता एक प्रकार की होती है जबकि थ्रिलर की निरंतरता दूसरे प्रकार की है क्योंकि इसमें जिज्ञासा, उत्सुकता, उत्कंठा, सिहरन, रहस्य, संघर्ष और रोमांच को निरंतर बनाए रखने की चुनौती का सामना करना पड़ता है. 

एक और खास बात जो ‘24’ को आज के अन्य तमाम सफल धारावहिकों से अलग करती है इसके लक्ष्य दर्शक समूह से जुड़ी है. ‘24’ के प्रस्तुतकर्ताओं ने इसे कॉर्पोरेट जगत के युवा, शहरी दर्शक (Young Urban Professionals - YUPPIES) को ध्यान में रखकर बनाया है. आम तौर से यह ऐसा समूह है जो प्रायः हिंदी टेलीविजन नहीं देखता अतः ‘24’ की यह बड़ी सफलता है कि उसने इस नव अभिजात दर्शक वर्ग को हिंदी टेलीविजन की ओर आकर्षित किया. यों तो सभी धारावाहिक कुछ नया देने की साधारण प्रतिज्ञा के साथ आरंभ होते हैं लेकिन धीरे धीरे सामान्य धारावाहिकों की मुख्य धारा में बह निकलते हैं. दूसरी ओर ‘24’ ने अपनी जो विशिष्ट धारा प्रवाहित की उसका रास्ता अंत तक बदला नहीं. बदलना संभव भी नहीं था क्योंकि अनंत काल तक चलने को अभिशप्त अन्य धारावहिकों की तरह उसका फॉर्मेट खुला हुआ और लचीला नहीं है. बल्कि 24 कड़ियों में अपने चरमोत्कर्ष को प्राप्त करके फलागम तक पहुँचना ही उसकी नियति है. कड़ियों की सीमित संख्या के इस अनुशासन के कारण ‘24’ में गत्वरता और पैनापन बना रहता है, दूसरे धारावाहिकों की सी ठहरी हुई झीलें नहीं बनतीं. इसका श्रेय समय के दोहरे दबाव को दिया जा सकता है. एक दबाव 24 घंटे में खत्म होने का. दूसरा दबाव कम से कम समय में तमाम संकटों और अवरोधों को पार करके लिए गए टास्क को संपन्न करने का. 

बेशक यह धारावाहिक टेलीविजन थ्रिलर के क्षेत्र में ऋतु (seasons) की संकल्पना को प्रवर्तित करने वाला पहला थ्रिलर साबित हुआ है. क्योंकि इसकी दूसरी ऋतु (season - 2) का अनुमोदन हो चुका है. इसकी पहली कड़ी देखकर ही दर्शकों को यह पता चल गया था कि यह भारतीय टेलीविजन पर रोमांचक कथा प्रस्तुति के क्षेत्र में वैसा ही बड़ा कारनामा साबित होगा जैसा यथार्थ प्रदर्शनों (Reality Shows) के क्षेत्र में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और एनिमेशन के क्षेत्र में ‘डक टेल्स’ साबित हुए थे. ऐसा इसलिए नहीं कि इसकी कहानी बड़ी श्रेष्ठ है बल्कि इसलिए भी कि यह बहुत महँगा उत्पाद है. इसमें संदेह नहीं कि प्रति एपिसोड की दृष्टि से यह अब तक का सबसे महँगा भारतीय धारावाहिक है. 

विशिष्ट दर्शक समूह को संबोधित होने के बावजूद ‘24’ व्यावसायिक दृष्टि से इसलिए सफल धारावाहिक है कि इसे जो दर्शक एक बार मिला वह इसे छोड़कर कहीं और गया नहीं. यह जगजाहिर है कि गृहिणियों को लक्षित पारिवारिक धारावाहिकों आदि का दर्शक व्यावसायिक अंतराल (विज्ञापन) आने पर तेजी से चैनल बदलने लगता है – अपनी पसंद का वैसा ही कोई और रोने-पीटने या चीखने-चिल्लाने वाले किसी और धारावाहिक का दृश्य पकड़ने के लिए. लेकिन ‘24’ का यह विशिष्ट दर्शक उस सबमें रुचि नहीं रखता. इसलिए अंतराल में विज्ञापन भी देखता है. यही कारण है कि आरंभ से ही विज्ञापनदाताओं में ‘24’ के लिए होड़ रही. सर्वेक्षणों से पता चला है कि इस धारावाहिक के 1/3 दर्शक दिल्ली और मुंबई के नव अभिजात वर्ग के हैं जो विज्ञापनदाताओं के लिए बेहतर लक्ष्य दर्शक समूह है. लेकिन यहाँ यह भी कहना होगा कि शुक्रवार और शनिवार को रात 10 से 11 बजे का जो समय इस धारावाहिक को दिया गया, वह ठीक नहीं है. क्योंकि इसके लक्ष्य दर्शक समूह के लिए ये दिन और समय पार्टी के लिए नियत हैं. संभवतः यह बात अब प्रस्तुतकर्ताओं की समझ में आ गई है क्योंकि इसकी दूसरी ऋतु के लिए मुख्य दिनों को ही चुनने की घोषणा की जा चुकी है. 

अब तक की बातों से कहीं आप यह न समझ बैठें कि ‘24’ की सफलता का आधार इसका महँगा होना भर है. नहीं, बिलकुल नहीं. दरअसल पारिवारिक धारावाहिकों ने जो दशक भर से अधिक से एक विशेष प्रकार की टेलीविजन मानसिकता का जड़ीभूत रूप तैयार कर दिया है ‘24’ की सफलता का रहस्य उसकी बर्फ तोड़ने में है. हम-आप बरसों बरस देखते आ रहे हैं ऐसे सहज में पहचाने जाने वाले चरित्रों को जो किसी ‘घराने’ से संबंध रखते हैं, बड़े अमीर हैं और बड़े महत्वाकांक्षी भी – जैसा बनाने का सपना सामान्य भारतीय मध्य वर्ग आजीवन देखता रहता है. हम और आप बरसों से देखते चले आ रहे हैं परंपरा और आधुनिकता का एक अजीब सा घालमेल और विचित्र सा संघर्ष जिसमें मानो कि सारा का सारा टेलीविजन उद्योग ‘संस्कार’ और ‘परंपरा’ को बचाने के अभियान में जुटा है – क्योंकि यही आम भारतीय मानसिकता है और इसी के कारण ये तमाम धारावाहिक दुधारू गाय बने हुए हैं. आने को छोटे परदे पर बड़े परदे की अनेक विभूतियाँ आई हैं, पर सलमान खान, शाहरूख खान, अक्षय कुमार, माधुरी दीक्षित, रवीना टंडन जैसी हस्तियाँ यथार्थ प्रदर्शनों में आईं जरूर लेकिन यथास्थिति को चुनौती तक नहीं दे सकीं. हाँ, आमिर खान जरूर एक नए और भिन्न प्रारूप (फॉर्मेट) को लेकर आए पर उससे भी भारतीय टेलीविजन के चेहरे और चरित्र में कोई बदलाव नहीं आया. समझा जा रहा है कि 2014 में प्रसारित होने वाला अनुराग कश्यप और अमिताभ बच्चन का शो शायद इस दशकों पुरानी धारा को बदलने वाला साबित होगा. वैसे ‘24’ ने इस बदलाव की नींव डाल दी है. 

‘24’ की सफलता का श्रेय इससे जुड़े हुए उत्कृष्ट मंडल (Team) को जाता है. इसके निर्माता और केंद्रीय चरित्र अनिल कपूर ने अपना जो मंडल बनाया है उसमें शामिल नामों को देखिए – रंग दे बसंती और कुर्बान के लेखक रेंसिल डी सिल्वा तथा लुटेरा और ब्लैक की लेखिका भवानी अय्यर जैसे दो लेखक, निर्देशक के रूप में डेल्ही बेल्ली के निर्देशक अभिनय देव तथा अभिनेताओं में टिस्का चोपड़ा, अनुपम खेर, शबाना आज़मी, अजिंक्य देव, राहुल खन्ना, मंदिरा बेदी, यूरी सूरी, पूजा रूपारेल, अधीर भट्ट और प्रियंका बोस आदि. प्रस्तुतीकरण की अभिनवता ने इस मंडल के साथ मिलकर वास्तव में चुंबकीय आभामंडल का निर्माण किया है. दृश्यांकन की भिन्न शैली में विभाजित परदे (Split Screen) और प्रतिक्षण भागती हुई घड़ी का प्रयोग दर्शक के दिल की धड़कनें बढ़ाने के लिए काफी है. कहना न होगा कि ‘24’ के दृश्यखंडों (Shot) की लंबाई भारतीय टेलीविजन के अब तक प्रदर्शित कार्यक्रमों में लघुतम है और एक साथ समानांतर चलते हुए अनेक कथासूत्रों की विद्यमानता भी अभूतपूर्व है. इसीलिए विभाजित परदे की तकनीक अत्यंत प्रभावी साबित हुई है. अलग अलग चार बाक्सों में एक ही क्षण में घटित होती चार घटनाएँ एक साथ देखना भारतीय टेलीविजन दर्शक के लिए नई और चमत्कृत करने वाली चीज है. घिसेपिटे लीकोंलीक चलने वाले पारिवारिक धारावाहिकों के दर्शक के लिए यह विस्मयकारी है कि आखिर क्यों और कैसे इतनी सारी चीजें एक साथ घटित हो रही हैं. और किसलिए तमाम खलपात्र अधबीच में रास्ते से हटा दिए जाते हैं और नए पात्र खल के रूप में सामने आ जाते हैं. यह मानना पड़ेगा कि लेखकों ने बेहद बढ़िया काम करके दिखाया है. उन्होंने बहुत ख़ूबसूरती से एक राजनैतिक परिवार के अंदरूनी घात-परिघात को आतंकवाद और जासूसी की आधिकारिक कथावस्तु के साथ जोड़कर तमाम तरह के मसालों का क्या खूब तड़का लगाया है! 

स्मरणीय है कि हिंदी का ‘24’ अमेरिकी दूरदर्शन के अतिशय लोकप्रिय ‘24’ का भारतीय संस्करण है. वह वाला ‘24’ अमेरिका में घटित 9/11 के कुछ सप्ताह बाद आरंभ हुआ था और 2010 तक उसकी आठ ऋतुओं का फेरा चला था. आठवी ऋतु में अनिल कपूर ने इस्लामी नेता उमर हसन की भूमिका निभाई थी और अमेरिकी दूरदर्शन की कार्यशैली को निकट से देखा समझा था. भारत में 26/11 के आतंकी हमले होने पर उनके मन-मस्तिष्क में भारत के लिए ‘24’ बनाने का विचार आया. ‘24’ की मूल अवधारणा यह रही है कि इसकी तमाम गतिविधि का केंद्र आतंकवाद विरोधी संगठन है जो 24 घंटे के भीतर किसी बड़े नेता की हत्या के आतंकी प्रयास को बेपर्दा और निष्फल करता है. ये 24 घंटे ही इस धारावाहिक की एक ऋतु का सृजन करते हैं. अर्थात 1 दिन = 1 ऋतु. ये 24 घंटे ही एक एक घंटे के 24 एपिसोड बनते हैं और निरंतर टिक टिक करती हुई घड़ी इन 24 घंटों के बीतने का बोध कराती रहती है. इसीलिए यह कहा गया है कि ‘24’ की समस्त घटनाएँ ‘वास्तविक समय’ में घटित होती हैं. हिंदी के ‘24’ ने इस मूल प्रारूप को ज्यों का त्यों अपनाया है. 

इस धारावहिक का आधिकारिक कथासूत्र तो इतना सा है कि भारत के युवा प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे जनप्रिय, ईमानदार और निष्ठावान नेता आदित्य सिंघानिया की नन्ही सी जान को लाख खतरे हैं और आतंक विरोधी इकाई (Anti Terrorist Unit - ATU) के चीफ जयसिंह राठौड़ (अनिल कपूर) को हर हाल में उनकी रक्षा करनी है. आदित्य सिंघानिया का परिवार तमाम तरह के राजनैतिक षड्यंत्रों में लिप्त है तो लंकाई आतंकी रवींद्रन अपने परिवार को खोकर अंधराष्ट्रवादी आतंककारी दैत्य में बदल चुका है. उसकी साँठ-गाँठ भावी प्रधानमंत्री के परिवार में भी है. इस सबसे अनजान जयसिंह राठौड़ बिखरे सूत्रों को समेटता फिरता है – उसे आदित्य को तो बचाना ही है अपने परिवार को भी बचाना है जिसमें उसकी पत्नी, बेटी और बेटा शामिल हैं. इस परिवारत्रयी के सहारे लेखकद्वय ने राजनैतिक थ्रिलर को पारवारिक संबंधों और भावनाओं के संघर्ष के साथ जोड़ा है जो निश्चय ही भारतीय दर्शक के मन को छूने वाला है. 

साथ ही इस तथ्य से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि आदित्य सिंघानिया का परिवार दर्शक को राहुल गांधी के परिवार जैसा दिखाई देता है. लेकिन यह भी तय है कि इससे राहुल गांधी को किसी प्रकार का चुनावी लाभ नहीं मिल सकता क्योंकि यदि उनके जैसा दिखता आदित्य का पात्र बेहद सुलझा और साफ़ सुथरा है तो दूसरी ओर आदित्य का परिवार (जिसमें उनकी माँ से लेकर बहनोई तक शामिल हैं) साजिशों में लिप्त दिखाया गया है. लेखकद्वय ने नेहरु-गांधी परिवार और आदित्य सिंघानिया परिवार में समानताएँ खोजने को अनावश्यक बताते हुए यह साफ़ किया है कि उन्होंने अपने नेता या भावी प्रधानमंत्री को केवल इसलिए युवा चित्रित किया है क्योंकि उन्हें स्वयं देश के युवाओं से बड़ी उम्मीद है. इस प्रकार उन्होंने अपना रचनाधर्म निभाने का प्रयास किया है और एक जासूसी कथा को सामाजिक, राजनैतिक आदर्श परिप्रेक्ष्य प्रदान करने के लिए आदित्य सिंघानिया के रूप में एक ऐसा युवा प्रधानमंत्री रचा है जो आदर्शवादी है, जोड़तोड़ से घृणा करता है, सिद्धांतों पर अटल रहता है और मूल्याधारित राजनीति का पक्षधर है. प्रकारांतर से समसामयिक भारतीय जनमन की आवाज भी यही है. इस युगबोध और मूल्यबोध से संपृक्त होने के कारण ‘24’ की ग्राह्यता और प्रेष्यता बढ़ गई है. 

[*चित्र : ‘24’ में अपनाए गए विभाजित परदे के प्रयोग का एक उदाहरण]

                                                                        बहुब्रीहि/ अर्द्धवार्षिक/ जुलाई-दिसंबर 2013/ पृष्ठ 34-38.