फ़ॉलोअर

सोमवार, 22 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन : 3 : इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हेतु समाचार

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए  कुछ  सामग्री तैयार  की है.

आज तीसरी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -3.


रविवार, 21 सितंबर 2014

राष्ट्रीय स्मृति, संस्कृति और भाषा

भूमिका 


तमाम तरह की उत्तरोत्तर आधुनिकताओं से आक्रांत आज का आदमी स्मृतिलोप से भरे समय में जीने के लिए विवश है. इतिहास उसके हाथ से छूटा जा रहा है और सूचनाओं का अम्बार उसके बोध की धार को वर्तमान के उस बिंदु तक समेटे दे रहा है जिसके पार जाने की दृष्टि धुंधलाने लगी है. ऐसे में किसी लेखक या चिन्तक का राष्ट्रीय स्मृति, संस्कृति और भाषा जैसे विषयों पर सोचना या लिखना जाति को जड़हीनता के खतरे से बचाने के प्रयत्न के रूप में देखा जाना चाहिए. डॉ. हरीश कुमार शर्मा की यह कृति ऐसा ही सार्थक और प्रासंगिक प्रयत्न है. इस पूरे प्रयत्न के केंद्र में राष्ट्रीय अस्मिता की बहुवचनीय चेतना आरम्भ से अंत तक सक्रिय दिखाई देती है जो लेखक के व्यक्तित्व का भी अनिवार्य हिस्सा है.

डॉ. हरीश कुमार शर्मा कई दशक से पूर्वोत्तर भारत में रहकर भाषा और संस्कृति के लिए कार्य कर रहे हैं. वे उन विरल बौद्धिकों में हैं जो स्मृति को मनुष्य की सबसे बड़ी संपदा मानते हैं तथा अपने लेखन में बराबर भारत और भारतीयता के सूत्रों को पहचानने पर जोर देते हैं. उनकी इस कृति का प्रवर्तन बिंदु भी इसी दृष्टि से संबलित है. इसीलिए यह कृति किसी पारंपरिक एकात्मता और समरसता की लफ्फाजी न करके अपने पाठक से यह अपेक्षा करती है कि हम विविधताओं को भी देखें, समझें और उनका सम्मान करें. कहना न होगा कि लेखक की यह लोकतांत्रिक दृष्टि देश, समाज, समय और संस्कृति को जातीय स्मृति की सतत प्रवाहित और परिवर्तनशील धारा की निष्पत्ति के रूप में देखती-दिखाती है. यह दृष्टि इन निष्पत्तियों को भाषा के माध्यम से प्राप्त ही नहीं करती बल्कि यह भी देख पाती है कि हमारी भाषाएँ हमारी संस्कृति का प्रतिरूप हैं – भाषा में तो संस्कृति है ही, भाषा की अपनी संस्कृति भी है. अभिप्राय यह है कि जब हम भारतीय संस्कृति अथवा भारतीयता की पहचान करने निकलते हैं तो इसका सबसे प्रामाणिक और जीवंत रास्ता हमारी भाषाओं से होकर जाता है – तभी तो हिय का शूल मिटाने की रामबाण औषध निज भाषा उन्नति है! परन्तु इस कृति ने उन्नति से आगे बढ़कर उत्तमता पर बार बार ज़ोर दिया गया है क्योंकि लेखक की राय में उन्नति सभ्यता का वाचक है तो उत्तमता संस्कृति का निर्देशक बिंदु. यही कारण है कि इस कृति में राष्टीय स्मृति के निकष पर ग्रहण और त्याग के विवेक को विकसित करने पर बल दिया गया है. यह कृति इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है कि इसमें भारत की भाषिक संस्कृति और उसमें निहित सामासिकता को भावुकता से बचते हुए ऐसे सामाजिक यथार्थ के रूप में विवेचित किया गया है जिसमें तमाम तरह की विषमरूपता के लिए सम्मानजनक स्थान उपलब्ध है.

संस्कृति का जीवंत वाहक होने के कारण भाषा विषयक चिंतन इस पूरी कृति में अंतर्धारा के रूप में परिव्याप्त है. लेखक ने हिंदी को भारत की पहचान माना है और तर्कपूर्वक यह स्थापित किया है कि अपनी केन्द्रापसारी प्रकृति के कारण हिंदी क्षेत्रीयताओं का अतिक्क्रमण करने वाली अक्षेत्रीय भाषा है और उसके वैश्विक प्रसार में सारे भारत ने योगदान किया है अतः हिंदीभाषी और हिंदीतरभाषी जैसा वर्गीकरण आज के सन्दर्भ में निरर्थक हो गया है. 

भारत, भारतीयता और भारतीय संस्कृति की व्याख्या करते हुए यह कृति इस देश के सामाजिक ढाँचे के साथ इसके धार्मिक-आध्यात्मिक वैशिष्ट्य को भी रेखांकित करती है. लेखक ने एकाधिक स्थलों पर स्पष्ट किया है कि धर्म और संस्कृति हमारे निकट रिलीजन और कल्चर मात्र नहीं हैं बल्कि समग्र विश्व को धारण करने वाले मूल्यों और अस्तित्व को औदात्य प्रदान करने वाली साधनाओं के प्रतीक हैं. लोकरक्षण और मनुष्यता का हित यहाँ सारे मत-वादों से ऊपर निर्विवाद कर्म है तथा परहित सर्वोपरि धर्म. महत्तर उद्देश्य के लिए अपरिहार्य हो जाने पर युद्ध और हिंसा भी वरेण्य हैं. साथ ही लेखक का यह भी मत है कि यह सारी वैचारिक और व्यावहारिक मूल्य संपदा हमारी भाषाओं में सुरक्षित है अतः हमें भाषाओँ को संप्रेषण के माध्यम से अधिक अपनी जातीय अस्मिता का द्योतक मानकर उनके संरक्षण-संवर्धन के उपाय करने चाहिए. आज जबकि ‘भूमंडीकरण’ के दौर में बाज़ार दीगर ढेरों चीज़ों की तरह भाषाओँ को भी खा रहा है, बेहद ज़रूरी है कि अपने दैनंदिन व्यवहारों में हम अपनी बोली-बानी को बचाकर रखें. इसी के साथ लोकसाहित्य के संरक्षण की जिम्मेदारियां भी जुडी हुई हैं. विमर्शों के नाम पर लोक के पिछडेपन को बचाना और लोकभाषा व लोकसाहित्य को बचाना दो अलग बातें हैं. लोक को प्रगति की मुख्य धारा से जोड़ने और उसकी सांस्कृतिक संपदा को सहेजने का दोहरा अभियान त्याग और ग्रहण के, पहले उल्लिखित, विवेक के बिना संभव नहीं. डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने स्थापित किया है कि यह विवेक गीता से लेकर गांधी तक से, यानी राष्ट्रीय स्मृति से, प्राप्त किया जा सकता है वरना तो हमें स्वयं विस्मृति के अँधेरे में गुम होने के लिए तैयार रहना चाहिए.

स्मृतिभ्रंश से बचने के लिए यह भी ज़रूरी है कि हमारी जो जातीय स्मृति हमारी विभिन्न मातृभाषाओं और उनके मौखिक साहित्य में सुरक्षित है, हम उन्हें नष्ट होने से पहले सहेजना शुरू कर दें. हाशिए पर रहे समाजों-समुदायों की यह लोक संपदा उन्नति के क्रम में विस्थापित हो रही है अतः इसके उत्तमांश के प्रति जागरूक हुए बिना काम चलने वाला नहीं है. यह कृति हमसे ऐसी ही जागरूकता की मांग करती है. इस दृष्टि से इस कृति का अरुणाचल प्रदेश की स्मृति, संस्कृति और भाषा सम्बन्धी भाग बेहद बेहद प्रासंगिक है. हमारी इस प्रकार की लोक अस्मिताएं ही तो मिलकर अमूर्त भारतीय अस्मिता को मूर्तिमंत बनाती हैं. डॉ. हरीश कुमार शर्मा इस क्षेत्रीय अस्मिता को सम्पूर्ण भारतीय अस्मिता के व्यापक सन्दर्भ में ही व्याख्यायित करते हैं. यह कृति हमें भारत के इस अतिशय सुन्दर लोक के जीवन, प्राकृतिक वैभव, जनजातीय वैशिष्ट्य, भाषा और संस्कृति की संपदा और इन सबके साथ नत्थी समस्याओं से एक साथ रूबरू कराती है – कुछ इस तरह कि पाठक के मन में सहज आत्मीयता जागती है. निस्संदेह यह लेखक के अरुणाचल प्रदेश की मिट्टी से गहरे जुडाव का फलागम है.

संस्कृति विमर्श के बहाने भाषा, साहित्य, राष्ट्रीयता और लोक विषयक व्यापक और खुली चर्चा के कारण यह कृति पढ़ने, गुनने और सहेजने योग्य बन गई है. साथ ही इसमें भी संदेह नहीं कि आदमी और आदमी के बीच दीवारें खड़ी करने के इस विषम दौर में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय अस्मिताओं के सामंजस्यपूर्ण सहअस्तित्व के विचार को समर्पित यह कृति भारत के निजीपन को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण पठनीय सामग्री है.

लेखक और प्रकाशक को हार्दिक शुभकामनाएँ!

प्रेम बना रहे!!

14 सितंबर,2014: हिंदी दिवस                                                                                         -ऋषभ देव शर्मा 

गुरुवार, 18 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन - 2. : रूप/ प्रकार

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए यह सामग्री तैयार करनी शुरू की है.

आज दूसरी किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -2.

बुधवार, 17 सितंबर 2014

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन - 1.

राजीव गांधी विश्वविद्यालय, रोनो हिल्स, ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश.

स्नातकोत्तर प्रयोजनमूलक हिंदी डिप्लोमा के छात्रों को प्रश्नपत्र ''दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन'' पर संबोधित करने के लिए यह सामग्री तैयार करनी शुरू की है.

आज पहली किस्त .....

दृश्य-श्रव्य माध्यम लेखन -1.

रविवार, 10 अगस्त 2014

समन्वय और मर्यादा के अग्रदूत : महाकवि तुलसीदास

तुलसी जयंती( 3अगस्त 2014) के अवसर पर विशेष

महाकवि तुलसीदास (1497 ई.- 1623 ई.) को हुए पांच सौ वर्ष से अधिक बीत गए. लेकिन वे आज भी अपने अमर महाकाव्य ‘रामचरितमानस’ के माध्यम से मनुष्य जाति का मार्गदर्शन कर रहे हैं, उसे समन्वय, आदर्श और मर्यादा की शिक्षा दे रहे हैं. संवत 1554 की श्रावण शुक्ला सप्तमी के दिन अभुक्त मूल नक्षत्र में जन्मे इस अद्भुत बालक का मुंह देखने तक से जब अमंगल की आशंका से पिता ने इनकार किया होगा और केवल चार दिन की उम्र में माँ ने सेविका को सौंप कर प्राण त्यागे होंगे, तब भला किसे पता था कि यह बालक चिरकाल तक लोकमंगल के संदेशवाहक के रूप में कालजयी कीर्ति का कारण बनेगा. इस महान आत्मा ने अपने जीवनकाल में रामचरितमानस (1574 ई. – 1576 ई.) सहित 24 काव्यकृतियों की रचना की जिनमें रामलला नहछू, वैराग्य संदीपनी, बरवै रामायण, पार्वती मंगल, जानकी मंगल, रामाज्ञाप्रश्न, दोहावली, कवितावली, गीतावली, श्रीकृष्ण गीतावली, विनय पत्रिका, सतसई, छंदावली रामायण, कुंडलिया रामायण, राम शलाका, संकटमोचन, बरवै रामायण, रोला रामायण, झूलना, छप्पय रामायण, कवित्त रामायण, कलिधर्माधर्म निरूपण और हनुमान चालीसा शामिल हैं. 

रामचरितमानस काव्य की दृष्टि से तो भारतीय साहित्य का सिरमौर महाकाव्य है ही, लेकिन इसकी वैश्विक प्रतिष्ठा का कारण इसमें उपलब्ध अद्वितीय उदात्त तत्व में निहित है. आदर्श गृहस्थ जीवन, आदर्श राजधर्म, आदर्श पारिवारिक जीवन और आदर्श लोकधर्म के साथ यह काव्य, भक्ति, ज्ञान, त्याग, वैराग्य और सदाचार की शिक्षा देने वाला है. इसके नायक राम परात्पर ब्रह्म होते हुए सगुण साकार मनुष्य हैं तथा अपने सत्य, शील और प्रेम से संपूर्ण सृष्टि को संरक्षण प्रदान करने वाले हैं. 

तुलसी ने जिस काल में रामचरितमानस की रचना की और राम जैसे मर्यादा पुरुषोत्तम महानायक की सृष्टि की, वह समय भारतीय इतिहास में अत्यंत उथल-पुथल और मूल्यमूढता का समय था. अब इसे आप क्या कहेंगे कि आज का समय भी सामजिक, सांस्कृतिक दृष्टि से वैसी ही मूल्यमूढता का समय है. हनुमानप्रसाद पोद्दार ने गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित रामचरितमानस के ‘निवेदन’ में यह बिलकुल सही कहा है कि वर्तमान समय में तो, जब सर्वत्र हाहाकार मचा हुआ है, सारा संसार दुःख एवं अशांति की भीषण ज्वाला से जल रहा है, जगत के कोने कोने में मारकाट मची हुई है और प्रतिदिन हज़ारों मनुष्यों का संहार हो रहा है, करोड़ों-अरबों की संपत्ति एक दूसरे के विनाश के लिए खर्च की जा रही है, विज्ञान की सारी शक्ति पृथ्वी को श्मशान के रूप में परिणत करने में लगी हुई है, संसार के बड़े से बड़े मस्तिष्क संहार के नए-नए साधनों को ढूंढ निकालने में व्यस्त हैं, जगत में सुख-शांति एवं प्रेम का प्रसार करने के लिए रामचरितमानस का अनुशीलन परम आवश्यक है. 

यहाँ हमें आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी का यह कथन भी याद आता है कि तुलसीदास के सामने तत्कालीन समाज में प्रचलित एक बड़ा भारी संदेह उनके चित्त को आंदोलित किये हुए था, वह यह कि जो ब्रह्म सब प्रकार की धारणाओं से ऊपर है, व्यापक है, निर्गुण है, अजन्मा है, वह क्या मनुष्य के रूप में अवतार धारण कर सकता है. इस संदेह के कारण ही निर्गुण और सगुण का विवाद उठ खड़ा हुआ था. तुलसीदास ने देखा कि यह निराधार विवाद भारतीय समाज को विखंडित कर रहा है इसीलिए उन्होंने सगुण साकार राम को अपना आराध्य मानते हुए लोगों को यह समझाया कि वे निर्गुण निराकार परात्पर ब्रह्म का ही अवतार हैं – मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहु सो दसरथ अजिर विहारी. इस प्रकार उन्होंने निर्गुण और सगुण का अथवा साकार और निराकार का तो समन्वय किया ही ‘ईश्वर अंश जीव अविनासी’ कह कर द्वैत और अद्वैत का भी समन्वय कर दिया. इतना ही नहीं, उनके राम शिव को पूजते हैं और शिव निरंतर राम को भजते हैं. इसका अर्थ यह है कि तुलसी ने रामचरितमानस द्वारा शैव और वैष्णव मतों का भी समन्वय किया. अगर यह कहा जाए कि रामचरितमानस संपूर्ण समाज को संगठित करने की समन्वय चेष्टा से ओतप्रोत है तो अतिशयोक्ति न होगी. आप तनिक सा ध्यान देकर यह देख सकते हैं कि रामचरितमानस में लोक और शास्त्र का समन्वय है, भक्ति, कर्म और योग का समन्वय है, नर और वानर का समन्वय है, नगर और अरण्य का समन्वय है, राजकुल और गुरुकुल का समन्वय है. राम वनगमन से लेकर लंकाविजय अभियान के पूर्ण होने तक केवट, निषादराज, ऋषि-मुनि, कोल-भील-किरात, गीधराज, रीछ-वानर और राक्षसों तक से भाईचारा स्थापित करते हैं. यह समनवय की विराट चेष्टा नहीं है तो और क्या है? जॉर्ज ग्रियर्सन ने इसी कारण तुलसी को बुद्ध के बाद सबसे बड़ा लोकनायक माना है. इस समन्वय साधना में रामचरितमानस भारतवर्ष के अथवा भारतीय संस्कृति के सर्वोत्तम, महान, सरल और भव्य अंश की उदात्त अभिव्यक्ति बन गया है. यह महाकाव्य मनुष्य के नित्य जीवन में घटने वाले ईर्ष्या, द्वेष, सुख-दुःख और लोभ-मोह के विकारों के भीतर से मनुष्यता के परम लक्ष्य की ओर ले जाने वाला काव्य है. आगे द्विवेदी जी ने यह भी कहा है कि “रामचरित मानस के राम शोभा और सौंदर्य के आगार हैं. शौर्य और पराक्रम के निधान हैं, प्रेम के वश्य हैं. वे आरति-हरण और सरण-सुखद हैं. नरभूपाल रूप में दिखाई देने पर भी वे साक्षात परब्रह्म हैं और समस्त देवताओं द्वारा सेवित हैं. इन विविध रूपों में तुलसी दास ने अद्भुत सामंजस्य और अविरोध दिखाया है.” 

यह भी ध्यान रखना चाहिए कि तुलसी ईश्वर भक्ति और समर्पण में परम आस्था रखते हुए भी मनुष्य और मनुष्यत्व की तनिक भी उपेक्षा नहीं करते. उनके राम परात्पर ब्रह्म हैं, इसके बावजूद वे कहीं भी ईश्वरीय चमत्कार का सहारा नहीं लेते. वे नर-चरित के लिए पृथ्वी पर आए हैं तो मनुष्य के रूप में ही सारा संघर्ष करते हैं. इस संबंध में डॉ.रामस्वरूप चतुर्वेदी कहते हैं कि ‘’ईश्वर में पूरी आस्था और मनुष्य का पूरा सम्मान ये दोनों दृष्टियाँ तुलसी में एक दूसरे से जुडी हुई हैं. सियाराम मय सब जग जानी, करहूँ प्रणाम जोरि जुग पानी – जैसी पंक्तियाँ इस गहरे आत्मविश्वास पर ही लिखी जा सकती हैं जहां ईश्वर और मनुष्य दोनों की एक साथ प्रतिष्ठा हो. ‘सियाराम’ यदि उनकी भक्ति के लिए आश्रय स्थल हैं तो ‘सब जग’ उनके रचनाकर्म के लिए. इतना ही नहीं, तुलसी की पहुँच घर-घर में है या वे व्यापक समाज में सर्वाधिक लोकप्रिय हैं तो इसका मुख्य कारण यह है कि गृहस्थ जीवन और आत्मनिवेदन इन दोनों अनुभव क्षेत्रों के वे बड़े कवि हैं.’’ और इस बड़प्पन का आधार राम का वह चरित्र है जो मर्यादा पुरुषोत्तम है और हर तरह से विग्रहवान धर्म का प्रतीक है – आदर्श पुत्र, आदर्श शिष्य, आदर्श मित्र, आदर्श भाई, आदर्श पति और आदर्श राजा. 

समन्वय चेष्टा और आदर्श स्थापना ही वे गुण हैं जिनके कारण आचार्य रामचंद्र शुक्ल तुलसीदास को लोकमंगल का प्रतिमान मानते हैं और डॉ. नामवर सिंह समाज का अग्रचेता. तुलसी के काव्य से समाज ने उच्च कोटि की लोकनीति और नई मर्यादा की शिक्षा प्राप्त की. नामवर सिंह के शब्दों में, “भारतीय तुलसी के लोक हितकारी मर्यादा पुरुषोत्तम राम के लिए, साध्वी सती सीता के लिए, त्यागी तथा स्नेहमूर्ति अनुज लक्ष्मण तथा भरत के लिए और अनन्य भक्त हनुमान के लिए मानस को पढ़ते हैं और पढते रहेंगे. हम आज भी तुलसी को अपने में, अपने को तुलसी में पाते हैं, इसीलिए उन्हें और केवल उन्हें पढ़ते हैं.”

वास्तव में गोस्वामी तुलसीदास किसी परलोक या स्वर्ग को चाहने वाले कवि नहीं थे. वे नरक बन चुके इसी संसार में स्वर्ग को उतारना चाहते थे. इसीलिए उन्होंने अध्यात्म-साधना के व्यक्तिधर्म के ऊपर समाज-साधना रूपी लोकधर्म को रखा. कहना न होगा कि तुलसी का यह लोकधर्म ईश्वर की तुलना में जनता के व्यावहारिक जीवन में व्यवस्था और मर्यादा स्थापित करने से संबंधित है. वे इस लोकधर्म के सहारे ही भारतीय समाज का नियमन करना चाहते हैं. उन्होंने देखा कि भारतीय समाज सामाजिक-सांप्रदायिक विषमता का शिकार हो रहा है, तो उसके सामने ऐसे सुशासन की संकल्पना रखी जिसमें समाज के सभी वर्ग एक समान प्रगति और समृद्धि के स्वामी हों तथा किसी प्रकार का रोग-शोक न हो, दरिद्रता न हो, दीनता न हो - रामराज बैठे त्रैलोका , हर्षित भये गए सब शोका. यहाँ हम पुनः डॉ.नामवर सिंह के इस कथन को दुहराना चाहेंगे कि “इसके लिए उन्होंने रामराज्य का आदर्श रखा है जिसमें भिन्न भिन्न वर्णों के बीच कर्म एवं मर्यादा की लकीरें स्पष्ट खिंची हैं. यों तो उन्होंने राज्य की सुव्यवस्था के लिए एक राजा को आवश्यक बतलाया किंतु लोकमत पर सदा ज़ोर दिया. उनके राम स्वेच्छाचारी नहीं अपितु जनता के साथ बैठे हुए हैं. xxx वे समष्टि की उन्नति में व्यष्टि के भावों को कुचलने के पक्ष में नहीं हैं, वे व्यक्ति की स्वतंत्रता का मूल्य समझते हैं. गोस्वामी जी के ये विचार आज भी कितने नवीन से लगते हैं - न वे जॉन स्टुअर्ट मिल की तरह व्यक्तिवाद के एक छोर पर हैं न नीत्शे की तरह राज्य के एक छोर पर. यहाँ भी गोस्वामी जी समन्वयवादी हैं.’’ 

अंत में यह कहा जा सकता है कि समन्वय, मर्यादा और आदर्श को समर्पित तुलसी का काव्य रामराज्य के रूप में एक ऐसे समाज की अवधारणा को सामने रखता है जहां ज्ञानबल, बाहुबल, धनबल और सेवाबल का समुचित समन्वय है. इस व्यवस्था में विभाजन की तुलना में समन्वय केंद्रीय तत्व है – 
बैर न कर काहू सन कोई / राम प्रताप विषमता खोई / सब नर करहिं परस्पर प्रीति / चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति.
(संपादकीय / रामायण संदर्शन / अगस्त 2014)